Mandi News: पुलिस और CIA टीम ने घर में दी दबिश, चिट्टे के साथ रंगे हाथों दबोचा तस्कर

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 05:56 PM (IST)

मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में नशे के सौदागरों और अवैध नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना हटली और सीआईए सरकाघाट की संयुक्त टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक घर में छापेमारी की और वहां से 2.83 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआईए टीम सरकाघाट को गुप्त सूचना मिली थी कि बल्द्वाड़ा तहसील के गांव मसयाणी का रहने वाला कुलदीप कुमार उर्फ अनु पुत्र गोवर्धन सिंह अपने रिहायशी मकान से ही अवैध रूप से चिट्टा बेचने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर हटली पुलिस और सीआईए की संयुक्त टीम ने तुरंत एक रणनीति बनाई। इसके बाद टीम ने नियमानुसार आरोपी के घर पर दबिश दी और तलाशी के दौरान वहां से 2.83 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी कुलदीप कुमार के खिलाफ पुलिस थाना हटली में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील करवाया है। एसपी ने बताया कि आरोपी को भविष्य में जांच में अनिवार्य रूप से शामिल होने की शर्त पर फिलहाल रिहा कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस इस मामले को यहीं खत्म नहीं कर रही है, बल्कि मामले के हर पहलू की गहनता से तफ्तीश की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी चिट्टे की यह खेप कहां से लाता था और आगे किसे बेचता था।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News