Solan: नालागढ़ में फायरिंग की 3 घटनाओं का पर्दाफाश, पंजाब और बिलासपुर के 4 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 11:26 PM (IST)

बीबीएन (शेर सिंह): पुलिस थाना नालागढ़ क्षेत्र में पिछले दिनों घटित फायरिंग की 3 घटनाओं को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस संबंध में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो, एक पिस्तौल तथा 2 जिंदा रौंद भी बरामद किए गए हैं। गौर रहे कि 14 अक्तूबर की रात्रि गांव बूटा पलासी में शिकायतकर्त्ता रणवीर सिंह के घर के बाहर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हवाई फायरिंग की गई थी। इसके बाद 23-24 अक्तूबर की मध्यरात्रि गांव बूटा पलासी में शिकायतकर्त्ता मनप्रीत सिंह के मकान के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। इस दौरान कुल 2 फायर किए गए, जिनमें से 2 गोलियां घर के बाहर खड़ी गाड़ी में लगीं, जबकि दो हवाई फायर किए गए।

इसके अलावा 25 अक्तूबर को दोपहर में गांव गोल जमाला स्थित यूसुफ एंटरप्राइजेज कंपनी के मुख्य गेट पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। कंपनी में अकाऊंटैंट के पद पर कार्यरत दीप सिंह की शिकायत के अनुसार बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर बाइक पर सवार दो नकाबपोश अज्ञात व्यक्तियों ने कंपनी के मुख्य गेट पर लगभग पांच राऊंड फायर किए और मौके से फरार हो गए थे।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 4 आरोपियों उपकार सिंह (29) पुत्र मनजीत सिंह निवासी चांदपुर बेला, डाकघर कोटला, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रूपनगर (रोपड़) पंजाब, राजिंदर कुमार (29) पुत्र राम लाल निवासी गांव रंगलोह, डाकघर बलस्वाय, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर, देवेंद्र सिंह (34) पुत्र जरनैल सिंह निवासी गांव दाहिरपुर, डाकघर अभियाणा कलां, तहसील आनंदपुर साहिब पंजाब तथा अमृतपाल सिंह (32) पुत्र त्रिलोचन सिंह निवासी मकान नंबर 21, गली नंबर 2, मल्होत्रा कालोनी, जिला रूपनगर (रोपड़) पंजाब को गिरफ्तार किया है। 

आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि तीनों फायरिंग की घटनाओं में उनकी वास्तविक भूमिका, वारदातों के पीछे के कारणों तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सके। इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा इन घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता, गिरोह के मुख्य संचालक, आरोपियों के आपसी संपर्कों, हथियारों की आपूर्ति के स्रोत तथा संभावित आपराधिक नैटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News