18 कि.मी. पैदल चलकर चारपाई से अस्पताल पहुंचाई बीमार महिला

punjabkesari.in Saturday, Feb 23, 2019 - 06:59 PM (IST)

तीसा: उपमंडल चुराह में बारिश के कारण बंद सड़कें लोगों के लिए आफत बनी हुई हैं। शुक्रवार को बंद सड़कों के कारण लोगों ने एक बीमार महिला को 18 किलोमीटर पैदल चलकर चारपाई से अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत देहग्रां के गांव त्रडोग की लतीफो बेगम पत्नी मौसम दीन बीमार हो गई। महिला का 5 दिन पहले घर में प्रसव हुआ था लेकिन खराब मौसम व जगह-जगह हो रहे भू-स्खलन के कारण परिजन उसे अस्पताल नहीं ला पाए। शुक्रवार को तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण परिजनों ने उसे चारपाई से अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया क्योंकि तीसा-सनवाल मार्ग 10 दिन से जगह-जगह भू-स्खलन होने के कारण बंद पड़ा हुआ है।

8 घंटे तक करना पड़ा पैदल सफर

लोगों ने 18 किलोमीटर पैदल सफर कर महिला को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान लोगों को करीब 8 घंटे तक सफर करना पड़ा। ढांजू नाले के पास पहुंचकर वहां से एम्बुलैंस के माध्यम से महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं तीसा के कार्यकारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि पुरी ने बताया कि महिला को अस्पताल लाया गया है और डॉक्टर की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल महिला अब खतरे से बाहर है।

विभाग की मशीनरी मार्ग को खोलने में जुटी

लो.नि.वि. मंडल तीसा के अधिशासी अभियंता हर्ष पुरी ने बताया कि भू-स्खलन से सड़क मार्ग जगह-जगह बंद हो गया है। विभाग द्वारा इस मार्ग को खोलने के लिए मशीनरी भेजी गई है और जल्द ही सनवाल मार्ग को खोल दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Related News