कांगड़ा के शुभम राणा वायु सेना में बने फ्लाइंग ऑफिसर, पहले ही प्रयास में पास की AFCAT परीक्षा
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 04:26 PM (IST)
कांगड़ा (अविनाश): हिमाचल प्रदेश के युवाओं में देश सेवा का जज्बा कूट-कूट कर भरा है और इसे एक बार फिर साबित किया है कांगड़ा के होनहार युवा शुभम राणा ने। अपनी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और अनुशासन के दम पर शुभम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शुभम राणा ने प्रतिष्ठित सीडीएस/एएफसीएटी 2025 परीक्षा को अपने पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर लिया है और भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने का गौरव हासिल किया है।
शुभम राणा की इस सफलता के पीछे उनकी मजबूत शैक्षणिक नींव भी रही है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा के प्रतिष्ठित जीएवी पब्लिक स्कूल और माऊंट कार्मल स्कूल गग्गल से पूरी की। इसके बाद तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए शुभम ने लवली प्रोफैशनल यूनिवर्सिटी जालंधर से कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में बीटैक की डिग्री हासिल की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने सेना में जाने के अपने सपने को चुना और उसे सच कर दिखाया।
शुभम को देश सेवा का यह जज्बा विरासत में मिला है। उनके पिता विजय सिंह भारतीय सेना से बतौर सूबेदार सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता वंदना राणा गृहिणी हैं। एक फौजी पिता के घर पले-बढ़े शुभम ने बचपन से ही अनुशासन और देशभक्ति को करीब से देखा है। बेटे की इस शानदार उपलब्धि पर उनके माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। परिजनों ने खुशी जताते हुए इसे परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए एक बेहद गौरवशाली पल बताया है।
अपने पूर्व छात्र की इस असाधारण सफलता की खबर मिलते ही जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्कूल के प्रधानाचार्य, सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने शुभम राणा को उनकी इस शानदार कामयाबी पर हार्दिक बधाई दी है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि शुभम की यह सफलता वर्तमान छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

