Weather Update: प्रदेश में बारिश ने फिर बढ़ाईं मुश्किलें, 166 सड़कें बंद, 205 लोगों की मौत
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 11:05 PM (IST)
शिमला (राजेश): हिमाचल में बुधवार को कई हिस्सों में हुई तेज बारिश के कारण भूस्खलन, पेड़ गिरने और नालों का जलस्तर बढ़ने से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ। प्रदेश में मंडी-कोटली-धर्मपुर नैशनल हाईवे सहित 166 सड़कें बंद थीं। लगातार हो रही बारिश के बीच मानसून से अब तक प्रदेश को 1,033 करोड़ रुपए से अधिक का नुक्सान हो चुका है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बीते 24 घंटों में हमीरपुर के सुजानपुर टीहरा में सबसे अधिक 156 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर के नयना देवी में 136, हमीरपुर के नादौन में 128, धर्मशाला में 127, ऊना के भरवीं में 118, गगल और पालमपुर में 111-111 तथा नगरोटा सूरियां में 90 मिलीमीटर बारिश हुई। लगातार बारिश से 130 बिजली ट्रांसफार्मर व 222 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। हमीरपुर में 107, सिरमौर में 55, बिलासपुर में 28 और कांगड़ा में 26 योजनाएं प्रभावित हुई हैं। कई क्षेत्रों में लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
25 अगस्त तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 20 अगस्त को ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर तथा 21 अगस्त को ऊना, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना जताई है। 22 से 25 अगस्त तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है।

