Weather Update: हिमाचल में मानसून का कहर, कार पर गिरी चट्टान, एक की मौत, 204 सड़कें बंद, अलर्ट जारी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 09:06 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल मानसून अब कहर बरसा रहा है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रदेश भर में जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है और बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़कों पर गिर रही हैं। मंगलवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। शिमला-धर्मशाला नैशनल हाईवे पर दाड़लाघाट थाना क्षेत्र के भराड़ी घाट के दसेरन में चलती कार पर पहाड़ी से चट्टान गिर गई। हादसे में कार सवार शिमला निवासी कारोबारी अनिल बख्शी की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हुए हैं। इस जगह फोरलेन का निर्माण कार्य भी चल रहा है। इसके अतिरिक्त कुल्लू के आनी व अन्य क्षेत्रों में भी गाड़ियों पर पत्थर गिरे और वाहनों को भारी नुक्सान हुआ।

वहीं शिमला में संजौली में भी बारिश के चलते चटानें गिरीं, जिससे 4 से 5 बाइकें चपेट में आ गईं। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। भूस्खलन और बारिश से प्रदेश भर में मंगलवार शाम तक 2 नैशनल हाईवे और 204 सड़कें बंद हैं। मंडी जिले में एनएच-154 और एनएच-21 समेत 80 सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 56, सिरमौर में 23, चम्बा में 16 और शिमला में 14 सड़कें अवरुद्ध हैं। सड़कों पर मलबा और चट्टानें आने से कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ है और लोक निर्माण विभाग की टीमें बहाली के काम में लगी हैं। प्रदेश में 45 ट्रांसफार्मर और 82 पेयजल योजनाएं प्रभावित बताई गई हैं।

प्रदेश भर में मानसून के दौरान अब 163 लोगों की मौत
मानसून के दौरान कुल 163 लोगों की मौत हुई है। इनमें सड़क हादसों में 93 लोगों की जान गई है। भूस्खलन से 14, फ्लैश फ्लड से एक, बहने से 4 और करंट लगने से 6 लोगों की मौत हुई है। पहाड़ी से फिसलने और पेड़ से गिरने की घटनाओं में 23 लोगों की जान गई है। 30 जून से अब तक प्रदेश में करीब 910 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति को नुक्सान पहुंचने का आकलन है।

प्रदेश भर में बारिश का यैलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 12 अगस्त को चम्बा, कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया है। 13 अगस्त को बिलासपुर, चम्बा, सोलन और सिरमौर में यैलो अलर्ट रहेगा। 14 अगस्त को सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन में भारी बारिश का यैलो अलर्ट है। 15 अगस्त को कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर और लाहौल-स्पीति में यैलो अलर्ट रहेगा। 16 और 17 अगस्त को भी कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News