Weather Update: प्रदेश के तीन जिलों में 2 दिन हीटवेव का यैलो अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 08:05 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल के मैदानी और निचले इलाकों में मंगलवार और बुधवार को ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 11 जून से प्रदेश में मौसम करवट बदलेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 11 से 14 जून तक राज्य के अधिकांश भागों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान सहारन में 5, भरमौर में 4, चम्बा में 2 और छतराड़ी में 1.9 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है।
सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग और कुकुमसेरी में 5.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को ऊना में सबसे अधिक 40.6 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर में पारा 37.5 और कांगड़ा में 37.7 डिग्री सैल्सियस रहा। मैदानों में बढ़ती तपिश और आगामी दिनों में कुछ स्थानों पर उष्ण लहर की संभावना के बीच पर्यटकों ने राहत के लिए हिल स्टेशनों का रुख करना शुरू कर दिया है। सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अरब सागर के पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य हिस्सों सहित महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ और इलाकों में अपनी दस्तक दे दी है और जल्द ही हिमाचल पहुंचेगा।

