Weather Updates: दो दिन रहेगा आंधी-तूफान का ऑरैंज अलर्ट, 9 तक खराब रहेगा मौसम
punjabkesari.in Friday, Oct 03, 2025 - 10:20 PM (IST)

शिमला (संतोष): मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए प्रदेशभर में बारिश, ओलावृष्टि, आंधी-तूफान का ऑरैंज व यैलो अलर्ट जारी किया है। उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमपात होने के भी आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले करीब एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम के कड़े मिजाज देखने को मिलेंगे। शुक्रवार को दिन में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली, लेकिन गुरुवार रात्रि को कई स्थानों पर वर्षा रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज, बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का यैलो अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा व सोलन में यैलो अलर्ट रहेगा। 5 व 6 अक्तूबर को ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके तहत 4 अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी में ऑरैंज, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, सिरमौर, सोलन, शिमला, कुल्लू में यैलो, 6 अक्तूबर को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व लाहौल-स्पीति में ऑरैंज और शेष अन्य जिलों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने व भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 अक्तूबर को फिर से यैलो अलर्ट रहेगा, जिसके तहत चम्बा, कांगड़ा, शिमला, सोलन, सिरमौर व लाहौल-स्पीति में बिजली गिरने व 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने सहित अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद राज्य में 9 अक्तूबर तक बारिश की हलचल रहेगी, लेकिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
ऊना में 34 डिग्री तापमान
शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री, राजधानी शिमला में 22.6 डिग्री रिकार्ड किया गया है। प्रदेश के करीब एक दर्जन स्थानों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के ऊपर चला हुआ है। राज्य के पर्यटक स्थलों में हुए खुशगवार मौसम का पर्यटक खूब आनंद उठा रहे हैं। हालांकि पर्यटकों की संख्या में कुछ खास इजाफा नहीं हुआ है।