Shimla: सब्जियों के दाम आम लोगों की पहुंच से बाहर, दीपावली तक नहीं मिलने वाली निजात

punjabkesari.in Monday, Oct 21, 2024 - 09:50 AM (IST)

हिमाचल डेस्क (संतोष): त्यौहारी सीजन और ऊपर से विवाह-शादियों के मौसम में इस बार लोगों को महंगी सब्जियों ने रुलाकर रख दिया है। महिलाओं के किचन का बजट गड़बड़ा गया है, जबकि लोगों की जेबें ढीली हो गई हैं, वहीं कई सब्जियां आम लोगों की पहुंच से बाहर हो गई हैं। मटर व पालक तो शतकवीर बन गए हैं, जबकि टमाटर 90 व फूलगोभी 80 रुपए प्रतिकिलो बिक रही है। इसके अलावा फ्रांसबीन, पत्तागोभी और मूली के दाम भी 60 रुपए प्रतिकिलो चल रहे हैं। प्याज के दाम भी 60 रुपए बने हुए हैं। हरी मिर्च के दाम भी 120 रुपए प्रतिकिलो हो गए हैं।

नींबू 160 रुपए प्रतिकिलो बिक रहा है। ऐसे में लोग कई सब्जियों से किनारा करने लगे हैं और जरूरत के हिसाब से ही सब्जियों की खरीददारी कर रहे हैं। बताया जाता है कि अभी दीपावली तक सब्जियों के दाम ऐसे ही सुर्ख बने रहेंगे, क्योंकि बरसात के बाद नई फसल की खेप भी नहीं पहुंची है, जबकि विवाह शादियों के सीजन और पर्वों के चलते सब्जियों की मांग अधिक और इसकी आपूर्ति कम होने के कारण इनके दामों में वृद्धि बनी हुई है।

सब्जी मंडी शिमला में कुछ सब्जियों के दाम लोगों को थोड़ा राहत दे रहे हैं और लोग इनकी ही अधिक खरीददारी कर रहे हैं। इनमें लौंकू 30 रुपए, भिंडी 40, बैंगणी 40, खीरा 40, घीया 40, कद्दू 30, कुंदरू 40, बैंगन 30, चुकंदर 50 रुपए प्रतिकिलो बिक रही है। सब्जियों के अलावा मंडी में फलों की भी खूब खरीद होती है। यहां रॉयल सेब 80, गोल्डन सेब 70, संतरा 50, नाशपाती 60, अनार 200, कीवी 120, जापानी फल 120, नारियल 40 रुपए प्रतिकिलो, जबकि केला 70 से 80 रुपए दर्जन बिक रहा है।

पर्वों के चलते शेक व जूस की भी बढ़ी है मांग

पर्वों के दिनों में मंडी में जूस की भी खूब मांग रहती है। यहां अनार जूस 150 रुपए, मौसमी जूस 60, ऑरेंज जूस 50, मिक्स जूस 50, पाइनेपल जूस 60, एप्पल जूस 50, चुकंदर जूस 50, मैंगो जूस 30, किन्नू जूस 50, गाजर जूस 30 रुपए प्रति गिलास, जबकि बनाना शेक 30, पपाया शेक 30, चेरी शेक 50, खजूर शेक 50, नारियल गरी शेक 50, स्ट्राबेरी शेक 30, चीकू शेक 40 रुपए प्रति गिलास बिक रहा है।

कुछ दिन ऐसे ही बने रहेंगे सब्जियों के दाम

सब्जी मंडी शिमला के प्रधान विशेषर नाथ ने कहा कि फैस्टीवल सीजन और विवाह- शादियों की बहुतायत के चलते अभी सब्जियों के दाम ऐसे ही बने रहेंगे, क्योंकि मंडी में सब्जियों की मांग बढ़ गई है और आपूर्ति कम हो रही है, क्योंकि नई फसल की खेप अभी नहीं पहुंची है। अभी दीपोत्सव तक सब्जियों के दाम सुर्ख बने रहेंगे।

 हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News