Shimla: झूठे बयानों से नहीं आर्थिक सुधारों से मजबूत होगी प्रदेश की आर्थिकी : जयराम

punjabkesari.in Saturday, Dec 20, 2025 - 07:12 PM (IST)

शिमला (हैडली): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री सिर्फ झूठी बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठे बयानों से नहीं आर्थिक सुधारों से प्रदेश की आर्थिकी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरकार के 3 वर्ष के जश्न में लोगों के सामने 3 उपलब्धियां तक नहीं गिनवा पाए। जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में आरोप लगाया कि सरकार के पास न तो कोई ठोस योजना है और न ही प्रदेश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए कोई गंभीर पहल की जा रही है।

सरकार हर जगह सिर्फ हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की बात कर रही है, लेकिन इसके लिए उसके पास कोई योजना नहीं है। यहां तक कि पूर्व की सरकारों द्वारा इस दिशा में किए गए प्रयासों को भी धराशायी कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन के बड़े-बड़े वायदे किए थे, जो सिरे नहीं चढ़े।

प्रदेश में नए उद्योग आना तो दूर पहले से लगे उद्योग बंद हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के 3 वर्ष मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच की आपसी लड़ाई में बीत गए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का असली चेहरा हर दिन प्रदेश की जनता के सामने उजागर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाय कि सरकार ठेकेदारों और भ्रष्ट तत्वों के इशारे पर काम कर रही है, जबकि आम आदमी की समस्याओं और जरूरतों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News