31 करोड़ से पक्की होंगी झगटान क्षेत्र की सड़कें : रोहित ठाकुर

punjabkesari.in Sunday, Jul 14, 2024 - 09:02 PM (IST)

शिमला: शिक्षा मंत्री ने जुब्बल के शुराचली क्षेत्र के अंतर्गत झगटान में नवयुवक मंडल झगटान द्वारा आयोजित "शान ए नुनाड़" वालीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। झगटान पहुंचने पर शिक्षा मंत्री ने सर्वप्रथम स्थानीय देवी-देवताओं के मंदिर में शीश नवाया। तत्पश्चात खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं देने के बाद शिक्षा मंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए बताया कि शुराचली क्षेत्र से उनका एक घनिष्ठ और भावनात्मक सम्बन्ध है जिसकी नींव पूर्व राज्यपाल एवं स्वर्गीय ठाकुर रामलाल द्वारा रखी गई थी। इसलिए रविवार को वह इस प्रांगण में एक बार फिर पहुंच कर प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं। शुराचली क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि विधायक प्राथमिकता के आधार पर इस क्षेत्र की प्रमुख सड़क सावड़ा-मांदल-झगटान सड़क को 22 करोड़ की लागत से पक्का किया जाएगा जिसके टैंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। साथ ही 9 करोड़ की लागत से झगटान से कोठू- गारली सड़क को भी पक्का किया जाएगा। इसके टैंडर की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। रोहित ठाकुर ने स्थानीय नवयुवक मंडल को 50000 रुपए देने की और स्टेज निर्माण के लिए प्रथम चरण में 5 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। 

उपचुनाव के नतीजों के बाद प्रदेश सरकार फिर एक बार मजबूत स्थिति में : रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल में हुए उपचुनाव के नतीजे आने के बाद प्रदेश सरकार एक बार फिर मजबूत स्थिति में आ गई है। सरकार को अस्थिर करने के जो प्रयास किये जा रहे थे, वह सभी विफल साबित हुए हैं। प्रदेश सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और प्रदेश की जनता की सेवा करेगी। इससे पूर्व रोहित ठाकुर ने ग्राम पंचायत थाना और मांदल में पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों एवं विभिन्न पंचायतों से आए प्रतिनिधि मण्डलों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और चरणबद्ध ढंग से निवारण का आश्वासन भी दिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News