Shimla: अटल टनल रोहतांग के बाद पालमपुर विश्वविद्यालय भी नहीं जाएंगी राष्ट्रपति
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 10:26 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): अटल टनल रोहतांग के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं होंगी। खराब मौसम के कारण उनका दौरा रद्द कर दिया गया है तथा राज्यपाल कविंद्र गुप्ता इस समारोह में लोकभवन से वर्चुअल जुड़ेंगे। राष्ट्रपति निवास द रिट्रीट मशोबरा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से विशिष्ट जनों के लिए वीरवार को एट होम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों के अलावा हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया सहित अन्य न्यायाधीश व शहर के अन्य गण्यमान्य अतिथि शामिल होंगे।
राष्ट्रपति बुधवार को अपने आवास पर ही रहीं तथा करीब 15 मिनट हरी घास पर टहलने के बाद भीतर लौट गईं। राष्ट्रपति ने इससे पहले बीते दिन लगाए गए पौधे को पानी दिया तथा राष्ट्रपति निवास में आने वाले लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा भी लिया। राष्ट्रपति अपने कार्यक्रम के अंतिम दिन 1 मई को सेना प्रशिक्षण कमान (आर.ट्रैक) शिमला में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वापस नई दिल्ली लौट जाएंगी।

