Shimla: प्रतिभा सिंह-विक्रमादित्य ने महाकुंभ में लगाई आस्था की डुबकी

punjabkesari.in Monday, Feb 03, 2025 - 04:53 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को प्रयागराज महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई। दोनों ने सुबह के समय कुंभ में स्नान किया। साथ ही प्रतिभा सिंह ने विशेष पूजा भी कराई। इस दौरान युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष यदुपति ठाकुर भी मौजूद रहे। स्नान के बाद प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह ने विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने के साथ ही स्थानीय श्रद्धालुओं से संवाद भी किया। वहीं माना जा रहा है कि दिल्ली लौटने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकती है।

गौर हो कि राज्य में कांग्रेस की प्रदेश से लेकर जिला व ब्लॉक कमेटियों को भंग किए 3 माह पूरे होने वाले हैं लेकिन अभी तक संगठन का नए सिरे से पुनर्गठन नहीं हो पाया है। इससे पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं में चर्चाओं का माहौल गर्म है और संगठन की गतिविधियां एक तरह से ठप्प पड़ी हुई हैं। ऐसे में प्रतिभा सिंह दिल्ली में जल्द से जल्द संगठन के पुनर्गठन की मांग नेताओं के समक्ष उठा सकती हैं ताकि पार्टी की गतिविधियों को धरातल तक पहुंचाया जा सके। प्रतिभा सिंह पहले भी दिल्ली में कई दफा अपना पक्ष रख चुकी हैं। इसके तहत वह संगठन में सक्रिय चेहरों को आगे लाने की वकालत करती आ रही हैं।

कई अन्य नेता भी जाएंगे
बीते रविवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई थी। उपमुख्यमंत्री की पुत्री डा. आस्था अग्निहोत्री भी उनके साथ थीं। वहीं आने वाले दिनों में प्रदेश के कई अन्य नेता भी प्रयागराज कुंभ में डुबकी लगाने जाएंगे। गौर हो कि प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज गए हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News