Shimla: आधा महीना बीत गया नहीं मिली HRTC के 700 पैंशनरों को पैंशन, जोरदार प्रदर्शन

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 07:21 PM (IST)

शिमला (राजेश): एचआरटीसी पैंशनरों को महीने की 15 तारीख बीत जाने के बाद भी पैंशन नहीं मिली है। मंगलवार को पथ परिवहन पैंशनर्ज कल्याण संगठन की शिमला इकाई की बैठक प्रधान मनोज गौतम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राज्य पदाधिकारियों समेत करीब 150 पैंशनरों ने भाग लिया। बैठक के बाद पैंशनरों ने निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन के राज्य प्रधान देव राज ठाकुर और अतिरिक्त महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन और सरकार की ओर से पैंशन के लिए 20 करोड़ रुपए जारी किए जाने के बावजूद करीब 700 पैंशनरों को अब तक पैंशन नहीं मिली है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई बैंकों में भुगतान अटका हुआ है, जिससे पैंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैंशनरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन ने बताया कि 24 सितम्बर को नालागढ़ में राज्य कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें जून में स्थगित किए गए निगम मुख्यालय घेराव आंदोलन को दोबारा शुरू करने सहित आगामी आंदोलन की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News