Shimla: पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू, केंद्र ने जारी किए दिशा-निर्देश
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 08:21 PM (IST)
शिमला (राक्टा): देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों के लिए वर्ष 2027 हेतु नामांकन प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इसी कड़ी में गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा इस संबंध में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत हिमाचल सरकार के साथ भी पत्राचार किया गया है। ऐसे में प्रदेश सचिवालय सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिला उपायुक्तों के साथ पत्राचार कर योग्य व्यक्तियों के नाम 30 जून, 2026 तक भेजने को कहा है ताकि सभी प्रस्ताव निर्धारित अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 से पहले ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए जा सकें। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन या अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा।
चयन का आधार
केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नामांकित व्यक्ति का कार्य जीवनभर की उत्कृष्ट उपलब्धियों पर आधारित होना चाहिए। चयन का आधार उत्कृष्टता के साथ समाज सेवा का तत्व होना चाहिए। यह भी देखा जाए कि संबंधित व्यक्ति को पहले कोई राष्ट्रीय या राज्य स्तर का सम्मान प्राप्त हुआ है या नहीं। राज्य स्तर पर पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए चयन समिति का गठन किया जा सकता है।

