ओलिम्पिक में पदक जीतने वाले हिमाचल के खिलाड़ियों को मिलेगी कितनी ईनाम राशि, यहां जानें पूरी रिपोर्ट

punjabkesari.in Saturday, Jun 08, 2024 - 05:48 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को अब बढ़ी हुई ईनाम राशि मिलेगी। ओलिम्पिक, शीतकालीन ओलिम्पिक, पैरा ओलिम्पिक व राष्ट्रमंडल खेलों में पदक विजेता खिलाड़ियाें को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में की गई घोषणा के अनुसार अब बढ़ी हुई ईनाम राशि मिलेगी। इसके तहत ओलिम्पिक, शीतकालीन ओलिम्पिक व ओलिम्पिक प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक विजेताओं को पुरस्कार राशि के तहत 3 करोड़ रुपए के स्थान पर 5 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा रजत पदक विजेताओं को अब 2 करोड़ रुपए के स्थान पर 3 करोड़ रुपए तथा कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपए के स्थान पर 2 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

एशियाई खेलों तथा पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में वृद्धि करते हुए इसे 50 लाख रुपए से बढ़ाकर 4 करोड़ रुपए कर दिया गया है। रजत पदक विजेताओं को अब 30 लाख रुपए के स्थान पर 2.50 करोड़ रुपए तथा कांस्य पदक विजेताओं को 20 लाख रुपए के स्थान पर 1.50 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रमंडल खेलों व पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में गौरव हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी संशोधित पुरस्कार योजना का लाभ मिलेगा। इसके तहत स्वर्ण पदक विजेता को 50 लाख रुपए के स्थान पर 3 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेताओं को 30 लाख रुपए के स्थान पर 2 करोड़ रुपए और कांस्य पदक विजेताओं को 20 लाख रुपए की जगह 1 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी है। यह बढ़ी हुई ईनाम राशि अब तत्काल प्रदान की जाएगी। यहां बता दें कि बीते मार्च माह में चुनाव आचार संहिता लगने के बाद यह बजट घोषणा लागू नहीं हो पाई थी, लेकिन अब आचार संहिता हटते ही प्रदेश सरकार अब खिलाड़ियों को बढ़ी हुई ईनाम राशि प्रदान करेगा।
PunjabKesari

अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि में की उल्लेखनीय वृद्धि
मुख्यमंत्री हिप्र सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। नई खेल नीति का उद्देश्य खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है और प्रोत्साहित करना है। पुरस्कार राशि में यह वृद्धि राज्य सरकार की खेलों को बढ़ावा देने और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस पहल से न केवल खिलाड़ियाें का मनोबल बढ़ेगा बल्कि खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को और अधिक अवसर प्राप्त होंगे जो राज्य में खेलों के समग्र विकास में योगदान देगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News