Shimla: ढली बाईपास में दरकी पहाड़ी, भागकर बचाई लोगों ने जान, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 05:18 PM (IST)
शिमला (वंदना): शिमला-ढली बाईपास रोड पर दोपहर बाद पहाड़ी दरक गई। पहाड़ी दरकने से वाहन चालकों ने बड़ी मुश्किलों से अपनी जान बचाई और मौके से अपने वाहन निकाले। शिमला में बुधवार को हल्की बारिश होने के बाद से दोपहर बाद अचानक से ढली बाईपास रोड पर पहाड़ी दरक गई। इससे सड़क पर वाहन चालकों की मुस्तैदी से बड़ा हादसा होने से टल गया। आसपास के लोगों ने भी मौके से भाग कर अपनी जान बचाई।
पहाड़ी दरकने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मलबा सड़क पर आने से काफी देर के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा। पहाड़ी दरकने से हवा में धूल का गुबार काफी देर तक उड़ता रहा। गनीमत रही कि इस हादसे में जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन ने रोड काे बहाल करने के लिए जेसीबी लगाई और मलबे को हटाकर सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया।

