​Shimla: खाड़ी देशों में फंसे 45 हजार से अधिक हिमाचली, अभिभावकों के लिए हैल्पलाइन नंगर जारी

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 09:59 PM (IST)

शिमला (भूपिंद्र): मध्य पूर्व में ईरान, अमरीका और इसराईल के बीच बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य टकराव के कारण खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों के परिजन गहरी चिंता में हैं। अनुमान है कि पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में 90 लाख से अधिक भारतीय रहते और कार्यरत हैं, जिनमें हिमाचल प्रदेश के लगभग 45,000 से अधिक लोग शामिल हैं। ये हिमाचली नागरिक मुख्य रूप से दुबई, सऊदी अरब, कतर, कुवैत और ओमान जैसे देशों में कार्यरत हैं।

क्षेत्र में बढ़ते तनाव, कुछ स्थानों पर हवाई क्षेत्र बंद होने और सुरक्षा हालात अस्थिर होने के चलते कई भारतीय नागरिक असमंजस की स्थिति में हैं। इस गंभीर स्थिति को लेकर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने सभी हिमाचली नागरिकों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है और हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा ताकि फंसे हुए नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने फंसे हुए लोगों के अभिभावकों और परिजनों के लिए अपना एक संपर्क नंबर भी सांझा किया है। जिन परिवारों के सदस्य मध्य पूर्व के किसी भी देश में फंसे हुए हैं, वे सहायता, मार्गदर्शन या समन्वय के लिए 0177-2808600 पर संपर्क कर सकते हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और केंद्र सरकार तथा संबंधित एजैंसियों के साथ समन्वय बनाकर हिमाचली नागरिकों की सुरक्षा और आवश्यक होने पर उनकी वापसी सुनिश्चित करने के लिए सतत् प्रयास जारी रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News