राज्यपाल के हृदय की धमनी में ब्लॉकेज के कारण स्टेंट पड़ा, मोदी ने कम करवाई कीमत

punjabkesari.in Monday, Feb 27, 2023 - 11:09 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नई दिल्ली के दौरे के दौरान गत रात्रि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें कैलाश अस्पताल एवं हृदय संस्थान नोएडा में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी एक धमनी में ब्लॉकेज पाई गई, जिस कारण उसमें स्टेंट डालना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जैसे ही राज्यपाल के उपचाराधीन होने की सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत इसकी रिपोर्ट मांगी तथा स्टेंट की कीमत को कम करवाया। इस कारण स्टेंट पर 1 लाख रुपए की लागत आई। राज्यपाल ने बाद में ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष तौर पर आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ हूं, इसके लिए वह सभी शुभचिंतकों का आभार जताते हैं। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल को पीठ में दर्द की शिकायत के बाद उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। ऐसे में उनके अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जल्द शिमला लौटने की संभावना है।

शिव प्रताप शुक्ल ने गत 18 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के 29वें राज्यपाल की शपथ ली थी। इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट करने के लिए नई दिल्ली गए थे। उन्होंने अपने दौरे के दौरान पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह व अमित शाह के अलावा हिमाचल सदन में नई दिल्ली में पूर्वांचल मोर्चा एवं अन्य संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात की थी। उन्होंने नई दिल्ली में हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद उनको रविवार सायं करीब 9.35 बजे पीठ में दर्द की शिकायत महसूस हुई, जिसके बाद रात्रि करीब 11 बजे उन्हें उपचार के लिए भर्ती करवाया गया।

राज्यपाल का कुशलक्षेम पूछने अस्पताल पहुंचे सुक्खू
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का कुशलक्षेम पूछने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू देर सायं कैलाश अस्पताल एवं हृदय संस्थान नोएडा पहुंचे। उन्होंने इस दौरान राज्यपाल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News