Shimla: अग्निशमन विभाग में 46 नए अग्निशमन वाहन शामिल, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 06:25 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): अग्निशमन विभाग में 46 नए वाहन शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों की अग्निशमन इकाइयों के लिए 46 नए त्वरित प्रतिक्रिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में शिमला जिले में 9, कांगड़ा में 8, मंडी और सोलन में 5-5, हमीरपुर, ऊना, चम्बा और लाहौल-स्पीति में 3-3, सिरमौर, बिलासपुर व कुल्लू में 2.2 तथा किन्नौर जिले में एक वाहन भेजा गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा किसी भी आपदा या आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि 37 और नए अग्निशमन वाहनों की खरीद की प्रक्रिया प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान केन्द्रित कर रही है तथा इसके लिए 65.33 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में 9.60 करोड रुपए की लागत से 22 अग्निशमन वाहन खरीदे गए और उन्हें संबंधित अग्निशमन इकाइयों को उपलब्ध करवाया गया।

4.85 करोड़ रुपए की लागत से अग्निशमन चौकी बिझड़ी के भवन का निर्माण कार्य पूरा
मुुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 4.85 करोड़ रुपए की लागत से अग्निशमन चौकी बिझड़ी के भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और नादौन और इंदौरा में उप अग्निशमन केंद्रों के भवनों के निर्माण पर साढ़े तीन-तीन करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कंडाघाट के उप-अग्निशमन केंद्र के निर्माण के लिए भी 3 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नए एवं स्तरोन्नत उप अग्निशमन केंद्रों और अग्निशमन चौकियों के लिए 3.85 करोड़ रुपए की लागत से 8 वाटर टैंडर खरीदे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए नई अग्निशमन चौकियां और केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News