प्रदेश में भाजपा ने शुरू किया हर घर तिरंगा अभियान, 8000 बूथों पर लगाए जाएंगे 4 लाख झंडे

punjabkesari.in Sunday, Aug 11, 2024 - 06:46 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश में भाजपा ने रविवार को हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया। प्रदेश भाजपा मुख्यालय दीप कमल चक्कर से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने इसका शुभारंभ किया। यह अभियान 15 अगस्त तक बूथ स्तर पर चलाया जाएगा। इसके तहत भाजपा 8000 बूथों पर 4 लाख झंडे लगाएगी। कार्यक्रम में युवा मोर्चा अग्रिम भूमिका में रहेगा। 14 अगस्त को भाजपा प्रदेश भर में विभाजन विभीषिका के कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर देश में चलाया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर, मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा व अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

सरकार जनता पर लगातार डाल रही बोझ : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के ऊपर एक के बाद एक लगातार बोझ डाल रही है। चुनावों में वोट लेने के लिए कांग्रेस ने हर वर्ग के लिए कई घोषणाएं की तथा अब सत्ता में आने के बाद सरकार उसके उल्ट जनता पर बोझ डालने का काम कर रही है। प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही सबसे पहले डीजल के ऊपर 7 रुपए प्रतिलीटर वैट लगाकर हर व्यक्ति की जेब को हल्का करने का काम किया है। डीजल का रेट बढ़ने से आम आदमी का 2000 से 2500 करोड़ रुपए सरकार की जेब में गया।

इसके बाद जन उपयोग के लिए इस्तेमाल में आने वाली स्टाम्प ड्यूटी को 100 प्रतिशत तक अनेक स्थानों पर बढ़ा दिया गया है, जिससे आम आदमी को भारी नुक्सान का सामना करना पड़ा। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में आम आदमी के आवागमन का एकमात्र साधन एचआरटीसी है, इनके किराए में बढ़ौतरी करने की तैयारी है। यही नहीं, बिजली के ऊपर लगने वाले सैस को बढ़ा दिया, बिजली के घरेलू, व्यावसायिक व गैर-व्यावसायिक दरों को बढ़ा दिया, जिससे हर व्यक्ति की जेब पर बोझ बढ़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News