चुनाव के ठीक पहले ही क्यों कांग्रेस को याद आती है महिला सम्मान निधि: जयराम

punjabkesari.in Saturday, Mar 09, 2024 - 10:31 PM (IST)

शिमला (हैडली): कांग्रेस सरकार हिमाचल में चुनाव आते ही एक बार फिर प्रदेश की जनता को प्रलोभन देने में जुट गई है। यह बात शनिवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा पर शक होना लाजिमी है। लोकसभा चुनाव के चक्कर में इस तरह के प्रलोभन फिर से दिए जा रहे हैं। यदि गणित लगाएं तो 300 करोड़ रुपए तो महीने का ही देना होगा, बाकी 11 महीने गुजारा कैसे होगा। अगर जैसा वह कह रहे हैं कि सभी महिलाओं को महिला सम्मान निधि देंगे तो उसके लिए असलियत में सालाना 3,960 करोड़ रुपए की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि क्यों जनता को फिर से गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं से एक बार फिर सीधा छल है। जिस तरह से विधानसभा चुनाव के समय प्रदेश की माताओं-बहनों से महिला सम्मान निधि के नाम पर फार्म भरवाए गए, उसी प्रकार इस बार के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस सरकार महिलाओं से सम्मान निधि के नाम पर फिर से फार्म भरवा रही है। यदि सभी को देना है तो फार्म भरवाने की जरूरत क्या है।

22 लाख महिलाएं ऐसी हैं जिनकी उम्र 18 से 60 वर्ष
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में लगभग 22 लाख महिलाएं ऐसी हैं, जिनकी उम्र 18 से 60 वर्ष के बीच है और कांग्रेस की गारंटी के अनुसार पात्र हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस चुनावी गारंटी में एक भी महिला को यह सम्मान राशि अब तक नहीं मिली है, लेकिन प्रदेश के हर प्रमुख स्थान पर इस योजना के पोस्टर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस योजना के तहत माताओं-बहनों को लाभ देने की बजाय प्रचार-प्रसार पर ही पैसे खर्च कर रही है।              

प्रचार-प्रसार की बजाय जनहित के कामों पर धन राशि खर्च करे सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार झूठी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की बजाय जनहित के कामों पर धनराशि खर्च करे तो ज्यादा बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार के किसी भी झूठ फरेब में हिमाचल के लोग आने वाले नहीं हैं। हर हिमाचली यह जानता है कि कांग्रेस झूठ बोलकर सत्ता में आई है और झूठ बोल कर ही सत्ता में बने रहना चाहती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News