Shimla: दिल्ली में प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से मिले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

punjabkesari.in Tuesday, Sep 30, 2025 - 06:57 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश कांग्रेस के नए सिरे से गठन की चल रही प्रक्रिया के बीच उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल से मुलाकात की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश प्रभारी को प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति से अवगत करवाया। साथ ही दोनों नेताओं के बीच सत्ता और संगठन से जुड़े विभिन्न मसलों पर चर्चा हुई। इस मुलाकात को लेकर कांग्रेस के सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर गर्म है।

गौरतलब है कि हिमाचल कांग्रेस की प्रदेश से लेकर जिला व ब्लॉक कार्यकारिणियों बीते नवम्बर माह से भंग चल रही हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें हाईकमान पर टिकी हुई हैं। वहीं पार्टी नेताओं की मानें तो अक्तूबर माह के दूसरे सप्ताह में हिमाचल कांग्रेस के पुनर्गठन पर हाईकमान द्वारा मोहर लगा दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने भी रजनी पाटिल से राज्य कार्यकारिणी का गठन जल्द करने का आग्रह किया है।

महोत्सव में लेंगे भाग
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बुधवार को पहलवाड़ा स्थित जड़खोर गौधाम में श्रीकृष्ण-बलराम गौ आराधना महोत्सव में भाग लेंगे। इसी कड़ी में वह मंगलवार देर शाम राजस्थान पहुंचे। यहां धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री बुधवार को वापस दिल्ली लौट आएंगे।

धरातल पर गतिविधियां ठप्प
प्रदेश में आगामी दिसम्बर माह में आगामी पंचायती राज संस्थाओं एवं शहरी निकाय के चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस के नेता हाईकमान से राज्य कांग्रेस के पुनर्गठन पर जल्द मोहर लगाने की मांग कर रहे हैं। तर्क है कि धरातल पर संगठन के न होने से पार्टी की गतिविधियां आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी इस संदर्भ में हाईकमान को पत्र लिख चुकी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News