Shimla: दिल्ली महारैली से गैर हाजिरी पड़ी भारी, युवा कांग्रेस के 13 पदाधिकारी निलंबित

punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 07:04 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने संगठनात्मक अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख्त रुख अख्तियार करते हुए एक बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई है। इसके तहत दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन की वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली में गैर हाजिरी रहने पर 13 वरिष्ठ पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनमें 2 प्रदेश उपाध्यक्ष, 8 महासचिव और 3 सचिव शामिल हैं। देखा जाए तो आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की मुहिम के बीच दिल्ली महारैली जैसे राष्ट्रीय मंच से पदाधिकारियों का गायब रहना आलाकमान को नागवार गुजरा है। संगठन द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के मुताबिक यह निलंबन अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

इस कार्रवाई के बाद से प्रदेश युवा कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप का माहौल है। निलंबित किए गए नेताओं में प्रदेश उपाध्यक्ष अमला कश्यप और अनु कुमारी मराठा, प्रदेश महासचिव साहिल ठाकुर, अजय ठाकुर, रविंद्र राव, सचिन ठाकुर, मनोज कुमार, पूजा ठाकुर, तजेंद्र कुमार और अंकुर शर्मा, प्रदेश सचिव यशपाल, अर्जुन सिंह और बलदेव सिंटियान के खिलाफ भी तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव (संगठन) आर्यन चौहान ने निलंबन आदेश जारी किए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News