Shimla: कांग्रेस देश, विकास व गांव के विरोध पर उतर आई : बिंदल
punjabkesari.in Tuesday, Jan 20, 2026 - 09:26 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस पार्टी वीबी-जी राम जी और भाजपा का विरोध करते देश, विकास व गांव तक का विरोध पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की जनता आईना दिखाएगी। उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी. योजना केंद्र सरकार के विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करेगी। इसकी 90 फीसदी फंडिंग केंद्र सरकार करेगी तथा शेष 10 फीसदी राशि राज्य सरकार को वहन करनी होगी।
मनरेगा में जहां 100 दिन का रोजगार देने की बात कही गई थी, वहीं वीबी-जी राम जी. योजना में 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पहले आपदा एक्ट का बहाना बनाकर पंचायत चुनाव को टालने का प्रयास किया, जिसके कारण हाईकोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा। अब जब कांग्रेस पार्टी को पंचायत चुनाव में हार नजर आने लगी है, तो वह वीबी-जी राम जी योजना को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा में 100 दिन की रोजगार गारंटी थी, लेकिन वास्तविकता यह रही कि औसतन केवल 50.4 दिन का ही रोजगार सृजन हो पाया। वीबी-जी. राम जी योजना का बड़ा लाभ यह है कि यह पूरी तरह टैक्नोलॉजी आधारित है, जिसमें बायोमीट्रिक उपस्थिति, डिजिटल मल्टी-लेवल मॉनिटरिंग, 6 माह में समीक्षा और समयबद्ध पेमैंट का स्पष्ट प्रावधान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि फंडिंग पैटर्न को लेकर कांग्रेस भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने वर्ष, 2006 से 2014 तक मनरेगा पर 2.13 लाख करोड़ रुपए खर्च किए, जबकि एनडीए सरकार ने वर्ष, 2014 से 2025 तक 8.53 लाख करोड़ रुपए से अधिक खर्च कर दिए।
रोजगार सृजन के मामले में भी यूपीए सरकार के दौरान 1660 मिलियन मंडेज, जबकि एनडीए सरकार के दौरान 3210 मिलियन मंडेज सृजित हुए। पूर्ण कार्यों की संख्या यूपीए कार्यकाल में 153 लाख, जबकि एनडीए समय अवधि में 862 लाख रही, जो भाजपा सरकार की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वीबी जी राम जी योजना 4 प्रमुख बिंदुओं ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका पर केंद्रित है।

