कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए 90 में से 76 डैलीगेट्स ने किया मतदान

punjabkesari.in Monday, Oct 17, 2022 - 09:19 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में भी मतदान हुआ। इसके तहत प्रदेश के 90 में से 76 डैलीगेट्स ने मतदान किया जबकि 14 ने अपने मत का प्रयोग नहीं किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने जानकारी दी कि 66 प्रतिनिधियों ने शिमला में मतदान किया जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षा प्रतिभा सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, सुधीर शर्मा, चंद्र कुमार सहित 10 डैलीगेट्स ने दिल्ली में मतदान किया है। शिमला में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, आशा कुमारी, विप्लव ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, ठाकुर सिंह भरमौरी सहित अन्य नेताओं ने शिमला में वोट डाला। शिमला में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मत पेटी दिल्ली के लिए भेज दी गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस की प्रवक्ता एवं हिमाचल मीडिया प्रभारी अलका लांबा और राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की पर्यवेक्षक दीपा दास मुंशी ने भी शिमला में भी वोट दिया है।

मंगलेट सहित 14 ने नहीं डाला वोट
प्रदेश से 14 डैलीगेट्स ने अपने मत का प्रयोग नहीं किया। सूचना के अनुसार इनमें हर्षवर्धन चौहान, आशीष बुटेल, बृज बिहारी लाल बुटेल, मनसा राम, विनोद सुल्तानपुरी, अनवी ठाकुर, कमलेश ठाकुर, सुभाष मंगलेट, बीरू राम किशोर, विकास ठाकुर, अमर सिंह कपूर, सत्य प्रकाश ठाकुर तथा चंद्रेश कुमारी शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News