बंडारू दत्तात्रेय की विदाई, राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर पहुंचे शिमला
punjabkesari.in Monday, Jul 12, 2021 - 10:38 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हरियाणा के राज्यपाल पद पर नियुक्त बंडारू दत्तात्रेय को सोमवार को हिमाचल प्रदेश राजभवन से सम्मानपूर्वक भावनात्मक विदाई दी गई। उन्होंने 11 सितम्बर, 2019 को हिमाचल प्रदेश 27वें राज्यपाल के रूप में अपना पदभार संभाला था। इस तरह वह 2 साल से भी कम अवधि के लिए प्रदेश के राज्यपाल रहे। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को विदा करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी महेंद्र सिंह ठाकुर, सुरेश भारद्वाज, सरवीण चौधरी और गोविंद सिंह ठाकुर के अलावा मुख्य सचिव अनिल खाची एवं पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू सहित अन्य नेता व अधिकारी मौजूद थे।
राजभवन के कर्मचारियों की तरफ से भी बंडारू दत्तात्रेय के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। अब राज्यपाल के पद पर बंडारू दत्तात्रेय का स्थान राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर लेंगे, जिन्हें हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि मलिमठ 13 जुलाई को सुबह 10 बजे 28वें राज्यपाल के रूप में शपथ दिलाएंगे। बंडारू दत्तात्रेय के विदाई समारोह के कुछ घंटों बाद राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर राजभवन शिमला पहुंच गए, जहां पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों ने उनका स्वागत किया।
गोवा के पणजी में 23 अप्रैल, 1954 में जन्मे आर्लेकर (67) हिमाचल प्रदेश के 28वें राज्यपाल होंगे। नवनियुक्त राज्यपाल गोवा विधानसभा के अध्यक्ष के अलावा प्रदेश सरकार में मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों को संभाल चुके हैं। उन्होंने गोवा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं महासचिव पद के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। वर्ष 2014 में मनोहर पर्रिकर को जब केंद्र में रक्षा मंत्री बनाया गया, तब उनका नाम गोवा के मुख्यमंत्री पद के लिए प्रमुखता से उभरकर सामने आया था, लेकिन बाद में लक्ष्मीकांत पारसेकर को यह दायित्व सौंपा गया।
नम आंखों से दत्तात्रेय बोले, बेटी की तरह विदाई ले रहा हूं
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हिमाचल प्रदेश राजभवन से नम आंखों के साथ विदाई ली। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों से उन्हें इतना प्यार मिला है कि वह आज बेटी की तरह विदा होकर यहां से हरियाणा जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह ठीक उसी तरह से यहां से विदा ले रहे हैं, जैसे बेटी विवाह के समय अपने पिता का घर छोड़कर जाती है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 2 वर्षों के दौरान जो स्नेह, आदर एवं सम्मान प्राप्त किया है, उसे वह हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान राजभवन की गरिमा को बनाए रखने के साथ प्रदेश की उन्नति और विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए अपना हर संभव सहयोग दिया।
कोविड-19 को लेकर दत्तात्रेय ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि बंडारू दत्तात्रेय अपने सरल और सहज स्वभाव के लिए हमेशा जाने जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 को लेकर राज्यपाल ने बहुत महत्वपूर्ण सुझाव सरकार को दिए। इसी तरह केंद्र में मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सराहनीय रहा। उन्होंने दत्तात्रेय को हरियाणा के राज्यपाल बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिमला से जुड़ी यादें दत्तात्रेय को चंडीगढ़ से यहां आने के लिए मजबूर करेंगी।