12 मार्च को 24 घंटे के लिए बंद हो सकती है 108 व 102 एम्बुलैंस सेवा

punjabkesari.in Saturday, Mar 09, 2024 - 10:34 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में 12 मार्च को आपातकालीन 108 व 102 एम्बुलैंस सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद रह सकती हैं। इसके लिए यूनियन सोमवार को डी.सी. के माध्यम से सरकार को मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपेगी और 24 घंटे का समय इन मांगों को पूरा करने के लिए देगी। मांगें पूरी नहीं हुईं तो यूनियन के आह्वान पर प्रदेश में मंगलवार को 24 घंटे के लिए एम्बुलैंस सेवाएं बंद मिलेंगी। यूनियन का कहना है कि अथॉरिटी ने उनका न्यूनतम वेतन 17,235 रुपए तय किया है, लेकिन उन्हें 13,500 रुपए ही मिल रहे हैं। प्रदेश में 1,800 के करीब कर्मचारी हैं, जो मंगलवार को 24 घंटों के लिए अपनी सेवाएं बाधित रखेंगे।

108 व 102 एम्बुलैंस यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि यूनियन ने सरकार से न्यूनतम वेतन को लेकर कई बार मांग उठाई है, लेकिन इसे अनसुना किया गया है। वर्तमान में कंपनी न्यूनतम वेतन देने के लिए फार्म 5 मांग रही है, लेकिन सरकार इसे नहीं दे रही है, जिससे कर्मचारी काफी परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री से मिले हैं। उन्होंने एन.एच.एम. को बैठक करने के लिए कहा था, लेकिन एक महीने बाद भी उनकी मांगों को लेकर कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सभी विषयों को जानते हैं और कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए उनके समक्ष भी यह विषय कई बार उठाया गया, लेकिन आज अधिकारी सही तरीके से बात सरकार के समक्ष नहीं रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार में भी अपनी मांगों को लेकर यूनियन ने हड़ताल की, जिसके बाद कंपनी को हटा दिया गया। उन्होंने कहा है कि सोमवार को डी.सी. के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा और 24 घंटे के अंदर अगर उनकी मांग पर गौर नहीं किया जाता है तो वे मजबूरन मंगलवार को 24 घंटे की हड़ताल पर चले जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News