Shimla: स्कूलों को ई-मेल से आई बम से उड़ाने की धमकी, स्कूल करवाए खाली

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 05:48 PM (IST)

शिमला (राजेश): राजधानी शिमला में सोमवार को शहर के कई स्कूलों को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। जैसे सुबह करीब 11 से 11.30 अभिभावकों को स्कूल ग्रुप में मैसेज आए कि स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है और बच्चों को छुट्टी की जा रही है बच्चों को स्कूल से ले जाएं और संबंधित टैक्सी चालक से संपर्क करे। ऐसे में अभिभावक कुछ देर के लिए परेशान हो गए और घरों से स्कूल के लिए निकल गए। वहीं ई-मेल के जरिए आई इस धमकी के बाद दयानंद पब्लिक स्कूल, डीएवी टुटू और सैंट थॉमस सहित कई स्कूलों को एहतियातन तुरंत खाली करवाया गया और अवकाश घोषित कर दिया गया। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को फोन और मैसेज के जरिए बच्चों को तुरंत घर ले जाने के लिए सूचित किया।

सूचना मिलते ही अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई और वे जल्दबाजी में स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों को वापस ले गए। स्कूलों को ई-मेल से धमकी मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजैंसियां मौके पर पहुंचीं। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते की मदद से स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली गई। पुलिस कर्मियों से स्कूल प्रबंधन ने भी पूरे स्कूल में छानबीन की। पुलिस के अनुसार अब तक किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। वहीं इस मामले को लेकर एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि शिमला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों को ई-मेल के माध्यम से बम संबंधी धमकियां मिलने की सूचना संज्ञान में आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक ये सूचनाएं सामान्य हैं और किसी एक विद्यालय विशेष को लक्ष्य नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस द्वारा मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत त्वरित और समन्वित कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित स्कूल परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया है और प्रत्येक स्थल का विधिवत निरीक्षण व सत्यापन किया जा रहा है।

एसपी शिमला ने बताया कि फिलहाल किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और सतर्क रहें। इससे पहले भी प्रदेश में हाईकोर्ट, सचिवालय और कई जिलों के डीसी कार्यालयों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जो जांच में अफवाह या शरारती तत्वों की करतूत साबित हुई थी।  मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि सरकार सभी शिक्षण संस्थाओं की पूरी सुरक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार सबकी सुरक्षा करने के लिए तत्पर है और इसके लिए सभी प्रभावी कदम उठाए जाते हैं। उन्हें भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमकी भरे मेल आते हैं, जिस कारण उनकी सुरक्षा को बढ़ा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जहां पर भी किसी तरह की धमकी मिलेगी, सरकार उन सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News