Shimla: महिला को व्हाट्सएप और कॉल पर तंग करने वाला UP का सीरियल स्टॉकर गिरफ्तार, पहले से दर्ज हैं 5 मामले

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 06:52 PM (IST)

रोहड़ू (बशनाट): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के पुलिस थाना कोटखाई में एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्टॉकिंग (पीछा करने) और लगातार मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और जेल से छूटने के बाद उसने फिर से महिला को परेशान करना शुरू कर दिया था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि आरोपी प्रशांत शेखर सिंह निवासी जानकीपुरम, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) उसे व्हाट्सएप मैसेज, फोन कॉल और अन्य माध्यमों से लगातार परेशान कर रहा था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने 7 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पूछताछ के लिए बुलाया और खुल गया पुराना चिट्ठा

मामले की तफ्तीश करते हुए कोटखाई पुलिस ने 19 मई को आरोपी प्रशांत को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी इसी तरह के अपराधों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में स्टॉकिंग और पीछा करने के कुल 5 मामले पहले से दर्ज हैं, जिनमें से 2 मामले अकेले कोटखाई पुलिस थाने से ही संबंधित हैं। पुलिस जांच में यह भी साफ हुआ कि आरोपी हाल ही में जेल से रिहा हुआ था, लेकिन बाहर आते ही उसने अपनी आदत नहीं बदली और पीड़िता से दोबारा संपर्क कर उसे परेशान करने का प्रयास जारी रखा।

आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही पुलिस

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी प्रशांत शेखर सिंह बार-बार एक ही प्रकृति के अपराध को अंजाम दे रहा था। ऐसे में पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पुलिस ने उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत (रिमांड) पर लेने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News