ममता हुई शर्मसार! शौच के बहाने झाड़ियों के पास ले गई मां...फिर नशेड़ी के हवाले कर दी नाबालिग बेटी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 04:36 PM (IST)

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में श्रद्धा के मेले के बीच एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। दरअसल, पंजाब के अमृतसर से अपनी मां के साथ माथा टेकने आई एक नाबालिग लड़की ने अपनी ही जननी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि मां ने नशे में धुत एक व्यक्ति के साथ मिलकर अपनी बेटी को हवस का शिकार बनाने की कोशिश की।

झाड़ियों के पीछे रची गई साजिश

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अमृतसर की रहने वाली यह किशोरी 23 फरवरी को अपनी मां और गांव की संगत के साथ मैड़ी मेले में आई थी। पीड़िता ने बताया कि 27 फरवरी की रात करीब 1:00 बजे, जब लोग सो रहे थे, तब उसकी मां उसे शौच के बहाने टेंट से दूर सुनसान झाड़ियों और एक कुएं के पास ले गई। वहां पहले से मौजूद अमृतसर निवासी एक व्यक्ति, जो कथित तौर पर नशे की हालत में था, ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। पीड़िता के अनुसार इस दौरान उसकी मां मौके पर मौजूद रही, लेकिन उसने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। किसी तरह वह आरोपित के चंगुल से छूटकर टेंट तक पहुंची और साथ आई संगत को घटना की जानकारी दी।

फरार हुई मां

मामला खुलता देख आरोपी और पीड़िता की मां मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के पिता अमृतसर से अंब पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया कि किशोरी इस घटना के बाद से बुरी तरह सहमी हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक और पीड़िता की मां के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-74 और पोक्सो एक्ट की धारा-8 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News