''विपक्ष के पास न कोई एजैंडा और न ही कोई लीडरशिप'', डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने BJP पर बोला तीखा हमला

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 10:55 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को विपक्षी दल भाजपा पर तीखा हमला बोला है। मेला स्थल का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा के पास न तो कोई एजैंडा है और न ही कोई लीडरशिप। उन्होंने साफतौर पर कहा कि भाजपाई सिर्फ गुस्से में हैं और बिना किसी ठोस कारण के वे सत्ता पाने की उम्मीद कर रहे हैं, जो संभव नहीं है।

विपक्ष का काम सिर्फ आलोचना करना
डिप्टी सीएम ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्षी दल का काम सिर्फ सरकार की आलोचना करना रह गया है, लेकिन कांग्रेस सरकार ऐसी आलोचनाओं से डरने वाली नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह से विकास के एजैंडे पर काम कर रही है और कौन क्या कहता है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि वह लगातार जनता के बीच रहकर उनके हितों की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं।

हरोली महोत्सव पर उठे सवालों पर दिया जवाब
सोमभद्रा नदी के तट पर आयोजित होने वाले हरोली महोत्सव को लेकर विपक्ष की आलोचनाओं पर अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेशभर में मेले और उत्सव आयोजित होते हैं, लेकिन जब हरोली में आयोजन की बारी आती है, तो कुछ लोगों को इसमें खोट नजर आने लगता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में विकास के साथ-साथ मनोरंजन और सांस्कृतिक आयोजन भी बेहद आवश्यक हैं। यह महोत्सव ऊना और हरोली सहित आसपास के क्षेत्रों का सांझा मेला होगा, जो बैसाखी के अवसर पर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को पेश करेगा।

हरोली बना विकास का मॉडल
मुकेश अग्निहोत्री ने दावा किया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र आज पूरे राज्य के लिए विकास का मॉडल बन चुका है। उन्होंने बताया कि ऊना-हरोली पुल से लेकर पूरे मार्ग को विकास पथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने अपनी उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि हरोली में 5 बड़े ऐतिहासिक पुल बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 2 अकेले स्वां नदी पर हैं। इसके अलावा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की करोड़ों की योजनाएं, सड़कों का जाल और सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट्स स्थापित किए जा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में हरोली की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने गर्व से कहा कि यहां की नर्सें पूरे देश में विख्यात हैं और यहां के छात्र शिक्षा प्राप्त कर बड़ी अदालतों में वकील और जज के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि हरोली अब प्रगति का प्रतीक बन चुका है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News