शिमला के रोहड़ू में सनसनी! जंगल में मिला मानव कंकाल, पेड़ पर लटका था फंदा
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 12:18 PM (IST)
Shimla News: शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र के टिक्कर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कशैनी गांव के जंगल में एक अज्ञात मानव कंकाल मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मौके पर पेड़ से रस्सी का फंदा बरामद हुआ है, जिससे मामले के आत्महत्या से जुड़े होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
बावड़ी के पास मिला कंकाल
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कशैनी गांव के कुछ स्थानीय लोगों ने जंगल में पानी की बावड़ी के पास मानव अवशेष देखे और तुरंत इसकी सूचना टिक्कर पुलिस चौकी को दी। पूर्व वार्ड सदस्य की जानकारी पर पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को वहां एक मोबाइल फोन मिला, जिसके कवर से दो और फोन के अंदर से एक सिम कार्ड बरामद हुआ।
नेपाली मूल के व्यक्ति से जुड़े तार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बरामद सिम कार्ड के आधार पर यह पता चला है कि उक्त मोबाइल मोहन मिस्त्री नाम के एक नेपाली मूल के व्यक्ति का है। पुलिस फिलहाल अन्य मोबाइल नंबरों की भी तकनीकी जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कंकाल मोहन मिस्त्री का ही है या किसी और का। कंकाल की सही पहचान के लिए पुलिस सभी वैज्ञानिक और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।

