कांगड़ा में सनसनी: बनेर खड्ड में मिला अज्ञात शव, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 04:05 PM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे स्टेशन के पास बहने वाली बनेर खड्ड में एक व्यक्ति का शव मिला। सुबह के समय जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे, तो शव को देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और स्थानीय निवासियों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकाला। अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर रही है। मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि यह कोई दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है और लोग पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

