नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए खुशखबरी! कांगड़ा में 180 पदों पर होगी भर्ती, 10वीं पास भी कर सकेंगे अप्लाई
punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 04:10 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का एक सुनहरा अवसर है। सिस इंडिया लिमिटेड हमीरपुर द्वारा कांगड़ा जिले में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 180 पदों पर भर्ती की जा रही है। जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि इन पदों के लिए 19 से 40 वर्ष की आयु वाले 10वीं पास पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 18,500 से 24,000 रुपए मासिक वेतन के साथ कंपनी की अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
भर्ती के लिए 3 से 9 अक्तूबर तक जिले के विभिन्न स्थानों पर सुबह 11 बजे से साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्तूबर को एसडीएम कार्यालय परिसर शाहपुर, 5 को उप रोजगार कार्यालय ज्वालाजी और 6 अक्तूबर को नगरोटा बगवां में साक्षात्कार होंगे। इसी तरह 7 अक्तूबर को नूरपुर, 8 को इंदौरा तथा 9 अक्तूबर को पालमपुर में युवाओं के इंटरव्यू लिए जाएंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी साक्षात्कार में भाग लेने से पहले विभागीय वैबसाइट पर अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साक्षात्कार के दिन उम्मीदवारों को अपने साथ 2 पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाणपत्र, सभी मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अपना बायोडाटा और अनुभव प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य होगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

