Bilaspur: श्री नयना देवी शक्तिपीठ में गुप्त नवरात्रे शुरू, श्रद्धा का उमड़ा सैलाब
punjabkesari.in Monday, Jan 19, 2026 - 09:31 PM (IST)
नयना देवी (मुकेश): हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठों पर सोमवार से माता जी के माघ मास के शुक्ल पक्ष के गुप्त नवरात्रि शुरू हो गए। सुबह की आरती और पूजा-अर्चना के साथ माता श्री नयना देवी जी के दरबार में गुप्त नवरात्रे शुरू हुए। पूरे वर्ष में 4 नवरात्र मनाए जाते हैं जिनमें 2 गुप्त नवरात्र शामिल हैं। आषाढ़ मास और माघ मास के गुप्त नवरात्रे और चैत्र मास और आश्विन मास के नवरात्रों को श्रद्धालु मनाते हैं।
इन गुप्त नवरात्रों में पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। जबकि प्रशासन और मंदिर न्यास ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। पुजारी नीलम शर्मा ने बताया कि माता जी के गुप्त नवरात्रों का भी विशेष महत्व है। गुप्त नवरात्रों में भी काफी संख्या में श्रद्धालु माताजी के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं और माता का शुभ आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

