सुक्खू सरकार में बजट सत्र से पहले हो सकता है दूसरे चरण का मंत्रिमंडल विस्तार

punjabkesari.in Sunday, Jan 15, 2023 - 11:23 PM (IST)

शिमला (राक्टा): राज्य सरकार आगामी विधानसभा बजट सत्र की तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में विधायक प्राथमिकताओं के निर्धारण के लिए बैठकों की तिथियां भी तय कर दी गई हैं। ऐसे में संभव है कि बजट सत्र से पहले सुक्खू सरकार में दूसरे चरण का मंत्रिमंडल विस्तार भी हो सकता है। मुख्यमंत्री ने 10 में से 7 ही मंत्री बनाए हैं जबकि 3 पद रिक्त हैं। सूत्रों की मानें तो पार्टी हाईकमान चाह रहा है कि मंत्रिमंडल के सभी पद समय रहते भर दिए जाएं ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में किसी तरह का नुक्सान न हो। मंत्रिमंडल में जिला कांगड़ा की अनदेखी पहले ही चर्चा का विषय बनी हुई है, जिससे दूसरे चरण के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दवाब बनता जा रहा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस जातीय, क्षेत्रीय सहित अन्य पहलुओं को देखते हुए जिला कांगड़ा की नाराजगी दूर करने के लिए पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को मंत्री बना सकती है। कई नेता भी उनके नाम की ही पैरवी कर रहे हैं। तर्क है कि प्रदेश के सबसे बड़े जिले से विधायक होने के साथ ही वह पूर्व में मंत्री रह चुके हैं। इसके साथ ही विधायक राजेश धर्माणी, राजेंद्र राणा, रघुबीर सिंह बाली का नाम भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल बताया जा रहा है।

...तो कैबिनेट में होंगे 4 पूर्व मंत्री
प्रदेश की सुक्खू सरकार में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश अग्रिहोत्री उप-मुख्यमंत्री हैं और पूर्व में मंत्री भी रह चुके हैं। इसी तरह कर्नल धनीराम शांडिल और चंद्र कुमार कैबिनेट मंत्री और दोनों नेता पूर्व में मंत्री भी रह चुके हैं। ऐसे में यदि सुधीर शर्मा मंत्री बनते हैं तो कैबिनेट में 4 चेहरे ऐसे हो जाएंगे, जो पूर्व में मंत्री रहे हैं।

जो जिम्मेदारी मिलेगी, निभाया जाएगा : सुधीर
पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा इन दिनों विदेश में हैं और संपर्क साधने पर उन्होंने कहा कि हाईकमान जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे निभाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ओपीएस बहाल होने पर कर्मचारियों को बधाई दी है और सरकार का आभार जताया है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News