ऊना के विकास में कांग्रेस की भूमिका शून्य, जनता भलीभांति परिचित : सतपाल सत्ती
punjabkesari.in Sunday, Sep 04, 2022 - 04:30 PM (IST)

ऊना (अमित): कांग्रेस द्वारा प्रदेश में सत्तासीन होने के दावों पर पलटवार करते हुए वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जहां कांग्रेस जनता के बीच अपना पक्ष रखेगी, वहीं भाजपा भी अपना पक्ष लेकर जनता के दरबार में जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिला के विकास में कांग्रेस की भूमिका शून्य रही है। प्रदेश और जिला की जागरूक जनता इस तथ्य से भी भलीभांति परिचित है। यह बात उन्होंने रविवार को जिला मुख्यालय के जिला परिषद सभागार में आयोजित भाजपा के ऊना मंडल की बैठक में कही। बैठक में पार्टी की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर विचार मंथन किया गया, वहीं इनके सफल क्रियान्वयन के लिए रणनीति भी बनाई गई।
कोविड काल में भी नहीं थमने दी विकास की रफ्तार
सतपाल सत्ती ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कोविड-19 जैसी महामारी की विकट चुनौती सामने रही है लेकिन इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने विकास की रफ्तार को न तो कम होने दिया और न ही समाज के इससे प्रभावित लोगों को अकेला छोड़ा। उन्होंने कहा कि जिला के विकास में भाजपा सरकार का अहम योगदान रहा है केंद्र सरकार के सहयोग से करीब 50 हजार करोड रुपए के विकास कार्यों को जिला में मूर्त रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में इन तमाम चीजों को लेकर जनता के समक्ष जाएगी और अपना पक्ष रखेगी।
25 सितम्बर को ऊना दौरे पर आएंगे मुख्यमंत्री
बैठक के दौरान सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आने वाले दिनों में पार्टी के कई कार्यक्रम और गतिविधियां प्रदेश भर में आयोजित की जाएंगी जिनमें केंद्रीय नेतृत्व से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य कई बड़े नेता प्रदेश के दौरे पर रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठो के मंडल स्तर पर सम्मेलनों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए बैठक में रूपरेखा तैयार की जा रही है। जबकि 2 करोड रुपए के विकास कार्य लोकार्पण के लिए पूरी तरह तैयार किए जा चुके हैं, संभवत: 25 सितम्बर को मुख्यमंत्री ऊना विधानससभा क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं और यह सभी कार्य लोकार्पित किए जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल ने की।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here