विधानसभा: शराब ठेकों की नीलामी से 1769.68 करोड़ की राजस्व वसूली
punjabkesari.in Tuesday, Sep 02, 2025 - 10:19 PM (IST)

शिमला (प्रीति): वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रदेश में शराब के कुल 87 कलस्टर यूनिट/ ठेकेदारी के हेतु दिए गए थे, जिसकी नीलामी 1795.06 करोड़ की राशि में की गई तथा 1769.68 करोड़ के राजस्व वसूली की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कुल बकाया 25.38 करोड़ की राशि शेष है विधायक त्रिलोक जम्वाल के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने लिखित में यह जानकारी दी है।
भूमि अधिग्रहण के लिए 460 करोड़ रुपए की राशि जारी
गग्गल हवाई अड्डे विस्तारीकरण के भूमि अधिग्रहण के लिए 460 करोड़ रुपए की राशि जिला पर्यटन विकास अधिकारी कांगड़ा के माध्यम से जारी कर दी गई है। जिसका आबंटन प्रभावित परिवारों में कर दिया गया है। वर्तमान में कांगड़ा हवाई अड्डे विस्तारीकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा कोई भी धनराशि स्वीकृत नहीं की गई है। विधायक विपिन सिंह परमार के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लिखित में यह जानकारी दी है।