Kullu: मनाली में बर्फ ''भारी'', देवदार का पेड़ गिरने से माता हिडिम्बा मंदिर की छत काे पहुंचा नुक्सान
punjabkesari.in Friday, Feb 28, 2025 - 06:10 PM (IST)

मनाली (सोनू): पर्यटन नगरी मनाली में भारी हिमपात खुशियों सहित आफत लेकर भी आया। बर्फबारी के कारण जगह-जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। शुक्रवार को माता हिडिम्बा मन्दिर पर देवदार का पेड़ गिर गया, जिससे मन्दिर की छत को नुक्सान पहुंचा है। बड़ी घटना मनाली के वार्ड नंबर-1 में हुई। यहां जुपिटर होटल की छत पर 2 बड़े पेड़ गिर गए। आधी रात को हुए हादसे के समय होटल के भीतर होटल मालिक का परिवार व पर्यटक सोए थे।
पेड़ गिरने की आवाज सुनकर मालिक ने सबसे पहले पर्यटकों को सुरक्षित दूसरे स्थान पर भेजा। होटल की छत पर दरार आने पर होटल मालिक ने भी दूसरी जगह शरण ली। पेड़ गिरने से पार्किंग में खड़े पर्यटक 4 पर्यटन वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं जबकि एक अन्य वाहन का शीशा टूट गया। इस घटना में होटल मालिक को लाखों रुपए का नुक्सान होने का अनुमान है। इसी वार्ड में होटल सिंगार के पास भी पेड़ गिरने से घर व 2 गाड़ियों को नुक्सान पहुंचा है। ब्यास पुल के पास भी पेड़ गिरा है लेकिन किसी को कोई नुक्सान नहीं हुआ।
उधर, घटनाओं का पता चलने पर एसडीएम रमण कुमार शर्मा और तहसीलदार अनिल राणा ने हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पेड़ गिरने से होटल व गाड़ियों को नुक्सान हुआ है। राजस्व विभाग को नुक्सान का आंकलन करने के निर्देश दे दिए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here