Shimla News: पुलिस के हत्थे चढ़ा उद्घोषित अपराधी, इन 4 मामलों में 7 वर्षों से था फरार
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 06:00 PM (IST)
रोहड़ू (कार्तिक): शिमला जिले के पुलिस उपमंडल रोहड़ू के पीओ सैल को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने करीब सात वर्षों से कानून की आंखों में धूल झोंक रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाब सिंह, निवासी चिड़गांव, जिला शिमला के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एसीजेएम न्यायालय रोहड़ू में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट की धारा 138 (चेक बाऊंस) के तहत 4 अलग-अलग मामले दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक ये सभी मामले करीब 8.50 लाख रुपए के वित्तीय लेन-देन से जुड़े हुए हैं। इन मामलों में लगातार अदालत में पेश न होने के कारण न्यायालय द्वारा आरोपी को उद्घोषित अपराधी करार दिया गया था। इसके बाद से ही वह पिछले 7 सालों से फरार चल रहा था।
रोहड़ू पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार एक विशेष अभियान के तहत टीम ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी गुलाब सिंह को न्यायालय में पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी को 12 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में जिला कारागार कैथू (शिमला) भेजने के आदेश जारी किए हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

