Shimla: देव आस्था से गूंजा बशला गांव, देव मिलन के साथ महासू देवता मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ शुरू
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 11:02 PM (IST)
रोहड़ू (बशनाट): ग्राम पंचायत बशला शनिवार को आस्था और देव परंपरा के रंग में रंग गई। यहां नवनिर्मित महासू देवता मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ देवताओं के भव्य आगमन और पारंपरिक देव मिलन के साथ हुआ। जैसे ही मंडलगढ़ के आराध्य देव बोंदरा महाराज और उत्तराखंड स्थित मुख्य महासू देव स्थली से पधारे देवता साहिब डोरिया महाराज आमने-सामने हुए, पूरा क्षेत्र जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। यह दिव्य देव मिलन समारोह का सबसे आकर्षक क्षण रहा। देवता महासू महाराज बशला की अगुवाई में मंदिर समिति ने देवताओं और उनके साथ आए देवलुओं का पारंपरिक रीति-रिवाजों से भव्य स्वागत किया। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। महायज्ञ को पूरी तरह सात्विक स्वरूप देने के लिए मंदिर समिति ने समारोह के दौरान मदिरा सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा और पुलिस की विशेष टीम पूरे समय आयोजन स्थल पर तैनात रही। महायज्ञ में अढाल, बटाड़ी व मलखून सहित नावर क्षेत्र के देवता साहिब रुद्र महाराज की मंदिर समितियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिससे आयोजन की धार्मिक गरिमा और बढ़ गई। ग्राम पंचायत बशला के प्रधान हैप्पी बनित मेहता ने बताया कि रविवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच शिखा-पूजन की रस्म संपन्न होगी। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महायज्ञ में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की। महायज्ञ के चलते गांव में रिश्तेदारों और श्रद्धालुओं की आवाजाही भी पूरा दिन बनी रही।

