Himachal: मंडी में पहाड़ों से गिर रहे पत्थर, कुल्लू मार्ग पूरी तरह बंद; पुलिस ने की यात्रा टालने की अपील

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 11:46 AM (IST)

नगवाईं (ब्यूरो): मंडी जिले में लगातार हो रहे भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। मंडी पुलिस ने मंगलवार को जिले के प्रमुख मार्गों की आधिकारिक सड़क स्थिति रिपोर्ट जारी की है, जिसमें कई अहम मार्गों के बंद होने की जानकारी दी गई है।

मंडी-कुल्लू के दोनों प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद
मंडी-कुल्लू मुख्य मार्ग पर झलोगी के पास पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिर रहे हैं, जिसके कारण यह मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार स्थिति सामान्य होने और पत्थर गिरने का सिलसिला रुकने के बाद ही यहां यातायात बहाल किया जाएगा। इसके अलावा मंडी-कुल्लू (वाया कटौला) वैकल्पिक मार्ग पर भी कांडी के पास भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे यह सड़क भी पूरी तरह अवरुद्ध हो चुकी है।

मंडी-जोगिंद्रनगर हाईवे पर उरला में भूस्खलन
मंडी-पधर-जोगिंदरनगर (एनएच-154) पर उरला के पास भारी भूस्खलन के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया है। हालांकि, प्रशासन द्वारा मार्ग बहाली का काम युद्धस्तर पर जारी है और मलबा हटाकर जल्द ही इस सड़क के खुलने की संभावना जताई जा रही है।

कोटली-धर्मपुर मार्ग केवल हल्के वाहनों के लिए खुला
यातायात को आंशिक रूप से सुचारू बनाने के लिए कोटली-धर्मपुर मार्ग को रोपड़ू नाला के पास खोल दिया गया है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से फिलहाल इस मार्ग से केवल हल्के वाहनों को ही गुजरने की अनुमति दी गई है। भारी वाहनों का प्रवेश अभी वर्जित है। वहीं हणोगी पुल के पास पंडोह टकोली बाईपास रोड सिंगल लेन ट्रैफिक के लिए वाहनों के लिए खुला है।

फोरलेन सहित इन मार्गों पर यातायात सुचारू
यात्रियों के लिए राहत की खबर यह है कि मंडी-सुंदरनगर-बिलासपुर (फोरलेन) यातायात के लिए पूरी तरह से चालू है और यहां वाहनों की आवाजाही निर्बाध रूप से हो रही है। इसके साथ ही, कमंद-पराशर, मंडी-रिवालसर, मंडी-जंजैहली, जंजैहली-करसोग (वाया रायगढ़), जंजैहली-छत्री, मंडी-करसोग, करसोग-रामपुर, जोगिंदर नगर-धर्मपुर, धर्मपुर-संधोल, सरकाघाट-धर्मपुर और मंडी-कोटली मार्गों पर भी आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।

पुलिस की एडवाइजरी, यात्रा से पहले लें जानकारी
लगातार बदल रहे मौसम और रास्तों की स्थिति के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों के लिए अपील जारी की है। पुलिस ने हिदायत दी है कि कुल्लू और जोगिंद्रनगर की ओर जाने वाले लोग यात्रा शुरू करने से पहले रास्तों की सटीक जानकारी अवश्य लें और किसी भी संभावित जोखिम से बचने के लिए अनावश्यक यात्रा करने से परहेज करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News