Shimla: आईजीएमसी में महंगी हुई रोबोटिक सर्जरी, जानें मरीजों को अब कितना चुकाना होगा शुल्क

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 06:53 PM (IST)

शिमला (राजेश): आईजीएमसी शिमला में रोबोटिक सर्जरी करवाना अब मरीजों के लिए महंगा हो गया है। रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार रोबोटिक सर्जरी के लिए निर्धारित यूजर चार्ज में बढ़ौतरी कर दी गई है। नए आदेशों के अनुसार जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों को अब रोबोटिक सर्जरी के लिए 60 हजार रुपए चुकाने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 30 हजार रुपए था। इसी तरह प्राइवेट वार्ड के मरीजों के लिए यह शुल्क 50 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपए कर दिया गया है। 

10 अप्रैल के आदेशों में संशोधन, तत्काल प्रभाव से लागू हुईं नई दरें
रोगी कल्याण समिति आईजीएमसी एवं अस्पताल शिमला की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह फैसला कार्यकारी समिति की बैठक के तहत मिली मंजूरी के बाद लिया गया है। इससे पहले 10 अप्रैल को जारी कार्यालय आदेश में निर्धारित शुल्क में आंशिक संशोधन करते हुए नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं। आदेश के मुताबिक रोबोटिक सर्जरी के लिए सभी श्रेणियों के मरीजों पर नई दरें लागू होंगी। जनरल वार्ड के मरीजों को पहले के मुकाबले दोगुना शुल्क देना होगा, जबकि प्राइवेट वार्ड के मरीजों के शुल्क में 30 हजार रुपए की बढ़ौतरी की गई है।

आईजीएमसी में 150, चमियाना में 320 से अधिक रोबोटिक सर्जरी
आआईजीएमसी शिमला में अब तक 150 से अधिक रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। आईजीएमसी  में सर्जरी विभाग के अलावा स्त्री रोग और शिशु रोग विभाग में भी रोबोटिक तकनीक से ऑप्रेशन किए गए हैं। वहीं चमियाना स्थित अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपरस्पेशियलिटीज में विभिन्न विभागों की ओर से अब तक 320 से अधिक रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। इससे पहले रोबोटिक सर्जरी करवाने के लिए मरीजों को चंडीगढ़ समेत अन्य राज्यों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब प्रदेश में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को राहत मिल रही है।

ये है रोबोटिक सर्जरी की खासियत
रोबोटिक सर्जरी की खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक सर्जरी की तुलना में कम चीरा लगाना पड़ता है और रक्तस्राव भी कम होता है। ऐसे में कई मामलों में मरीजों को रक्त चढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ती। छोटे चीरे के कारण मरीज की रिकवरी अपेक्षाकृत जल्दी हो सकती है और स्थिति के अनुसार उसे सर्जरी के अगले दिन अस्पताल से छुट्टी भी मिल सकती है। इसके अलावा अस्पताल में कम समय तक रहने से संक्रमण का खतरा कम रहता है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News