Chamba: डल्हौजी में भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त, मलबे की चपेट में आया रैस्ट हाऊस

punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 07:27 PM (IST)

डल्हौजी (शमशेर): डल्हौजी में सुभाष चौक के नजदीक पोटराइन मार्ग पर भूस्खलन के कारण सड़क का एक बड़ा भाग क्षतिग्रस्त हो गया। इसके साथ कुछ पेड़ भी नीचे नगर परिषद के रैस्ट हाऊस के ऊपर मलबे सहित गिर गए। इससे रैस्ट हाऊस के भवन को नुक्सान हुआ है। वहीं भूस्खलन से मार्ग यातायात के लिए प्रभावित हुआ है। बता दें कि जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ है, वहां डल्हौजी का करीब 130 वर्ष पुराना सैक्रेड हार्ट स्कूल भी स्थित है और साथ ही इस मार्ग पर निजी भवनों के साथ-साथ कई होटल भी स्थित हैं, जिससे इस मार्ग पर यातायात प्रभावित होने से इन सभी लोगों की भी चिंताएं बढ़ गई हैं। 

जानकारी के अनुसार रात करीब 3 से 5 बजे के बीच यह भूस्खलन हुआ। उस वक्त रैस्ट हाऊस का चौकीदार अपने परिवार सहित वहीं अपने क्वार्टर में सो रहा था। उसने जैसे ही गड़गड़ाहट सुनी तो वे सब लोग बाहर भाग गए, लेकिन गनीमत यह रही कि वे सब सकुशल हैं और उन्हें किसी तरह का नुक्सान नहीं हुआ। उन्होंने इस बारे नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को जानकारी दी। नगर परिषद के जेई संजीव शर्मा ने बताया कि रैस्ट हाऊस को तो कुछ अधिक नुक्सान नहीं हुआ, लेकिन सड़क के क्षतिग्रस्त होने से यातायात काफी प्रभावित हुआ है, इसलिए जल्द से जल्द यहां नई रिटेनिंग वॉल लगाकर इस मार्ग को फिर से यातायात के लिए सुचारू रूप से सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News