Chamba: बिजली बोर्ड का बड़ा एक्शन, बिल का भुगतान न करने पर सरकारी दफ्तर का काटा कनैक्शन

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 06:46 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): चम्बा शहर में बिजली बिलों का भुगतान न करने वाले सरकारी विभागों और निजी उपभोक्ताओं पर बिजली बोर्ड ने अब सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद बिल जमा न करने पर बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बीआरसीसी कार्यालय चम्बा का बिजली कनैक्शन काट दिया। बोर्ड की इस अचानक कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।

बिजली बोर्ड के राजस्व पर कुंडली मारकर बैठे विभाग
घाटे से जूझ रहा बिजली बोर्ड अब अपने राजस्व को लेकर गंभीर हो गया है। शहर के कई सरकारी विभाग लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे, जिससे बोर्ड का बकाया ग्राफ लगातार बढ़ रहा था। विभाग की इस लापरवाही को देखते हुए बिजली बोर्ड ने अब 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है।

निजी घरों पर भी चला डंडा
सरकारी कार्यालय के साथ-साथ बोर्ड ने करीब 15 निजी घरों की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी। हालांकि, कार्रवाई के तुरंत बाद 5 उपभोक्ताओं ने कार्यालय पहुंचकर बकाया बिल जमा करवा दिया, जिसके बाद उनके कनैक्शन बहाल कर दिए गए। बोर्ड ने साफ किया है कि अब नोटिस का समय खत्म हो चुका है और सीधे कनैक्शन काटने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

दोबारा कनैक्शन के लिए देनी होगी पैनल्टी
बिजली बोर्ड के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार यदि अब उपभोक्ता समय पर बिल भुगतान नहीं करते हैं तो उनके कनैक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। ऐसी स्थिति में उपभोक्ताओं को न केवल पूरा बकाया बिल भरना होगा, बल्कि दोबारा कनैक्शन जोड़ने के लिए अतिरिक्त पेनल्टी  भी देनी होगी।

क्या कहते हैं अधिकारी
बिजली बोर्ड चम्बा-1 के एसडीओ टीआर ठाकुर ने बताया कि कई सरकारी और निजी उपभोक्ताओं को बार-बार नोटिस और टीडीसीओ जारी किए गए थे, लेकिन उन्होंने भुगतान नहीं किया। इसी के चलते बीआरसीसी कार्यालय और अन्य डिफाल्टरों के कनैक्शन काटे गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बोर्ड की यह मुहिम आगामी दिनों में भी जारी रहेगी, इसलिए उपभोक्ता असुविधा से बचने के लिए तुरंत अपने बिलों का भुगतान करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News