कुल्लू : लग घाटी के खलाड़ा में भूस्खलन से सड़क क्षतिग्रस्त, 12 पंचायतों का मुख्यालय से संपर्क कटा

punjabkesari.in Thursday, May 04, 2023 - 07:02 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): जिला मुख्यालय के साथ सटी लग घाटी के खलाड़ा नाले में बीती रात पहाड़ी दरकने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है जिस कारण लग घाटी की 12 पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। लगघाटी की 12 पंचायतों के हजारों लोगों को आवाजाही के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर गिरी बड़ी-बड़ी चट्टानों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं भारी बारिश के चलते आसपास की चट्टानों को गिरने का खतरा बना हुआ है। भूस्खलन के कारण कुल्लू शहर की पानी की पाइपें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिस कारण पेयजल सप्लाई बंद हो गई है।

लोगों ने की मांग, भूस्खलन रोकने के लिए हो स्थायी समाधान
लग घाटी के स्थानीय निवासी राजकुमार ने कहा कि खलाड़ा नाले में कई वर्षों से भूस्खलन होने से लोगों को यातायात के लिए समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सरकार व प्रशासन को इस क्षेत्र में भूस्खलन को रोकने के लिए स्थायी समाधान करना चाहिए ताकि आने वाले समय में किसी तरह के जानमाल का नुक्सान न हो। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में फलों-सब्जियों का सीजन शुरू होगा। उससे पहले सरकार व प्रशासन को उचित प्रबंध करने चाहिए। वहीं लोक निर्माण विभाग कुल्लू डिवीजन के एक्सियन विनय हाजरी ने कहा कि बीती रात घाटी के खलाड़ा में पहाड़ी से भारी भूस्खलन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा सुबह 7 बजे इसकी सूचना दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंचकर चट्टानों को हटाने का कार्य शुरू किया है।

7 वर्ष पहले भी हुआ था भूस्खलन, मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बची थी बस
7 वर्ष पहले इसी जगह पर भारी भूस्खलन हुआ था उस समय 1 बस मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बची थी। उन्होंने कहा कि इस जगह पर 200 मीटर के दायरे में भूस्खलन संभावित क्षेत्र है। इस जगह पर ब्लास्टिंग नहीं की जा सकती है। इसको ब्रेकर से तोड़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शुक्रवार दोपहर बाद तक यातायात बहाल किया जाएगा। 

5 दिन के भीतर दुरुस्त होगी पाइप लाइन 
उधर, जल शक्ति विभाग कुल्लू डिवीजन के एसडीओ अंकित बिष्ट ने कहा कि खलाड़ा में पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण पेयजल सप्लाई क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने कहा कि पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से कुल्लू शहर के अखाड़ा बाजार और सुल्तानपुर के क्षेत्र में पानी की सप्लाई बाधित हुई। फिलहाल जल शक्ति विभाग की अन्य सप्लाई से शहर को पेयजल आपूर्ति बहाल की जा रही है। 5 दिन के भीतर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को दुरुस्त किया जाएगा जिससे लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध होगा। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News