Chamba: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी पिकअप गाड़ी...घर का बुझा चिराग, परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 03:33 PM (IST)
चम्बा (रणवीर): हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में एक सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार देर रात मंगला-द्रबला संपर्क मार्ग पर एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में गाड़ी के 29 वर्षीय चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय कुमार (29) पुत्र मदन लाल निवासी गांव परोंटा, डाकघर मंगला, तहसील व जिला चम्बा के रूप में हुई है। रविवार को पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
रात को हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
जानकारी के अनुसार शनिवार रात को अजय कुमार अपनी पिकअप गाड़ी लेकर मंगला से द्रबला की तरफ जा रहे थे। द्रबला के नजदीक पहुंचने पर गाड़ी से अचानक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे गहरी खाई में जा गिरी। रात के सन्नाटे में गाड़ी गिरने की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और खुद भी बचाव कार्य शुरू कर दिया। हालांकि अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसी बीच गंभीर चोटें आने के कारण अजय कुमार की मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें
हादसे के बाद घायल चालक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप ने बताया कि द्रबला पिकअप हादसे के शिकार चालक को जब अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
पुलिस जांच में जुटी, प्रशासन देगा फौरी राहत
इस दुर्घटना को लेकर चम्बा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसपी चम्बा विजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद रविवार को शव उन्हें सौंप दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन ने भी हादसे की रिपोर्ट तैयार कर ली है, ताकि मृतक के परिजनों को नियमानुसार फौरी राहत राशि प्रदान की जा सके। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार सहित पूरे मंगला और परोंटा क्षेत्र में शोक की लहर है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

