Shimla: बिजली बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों को राहत, मुख्यमंत्री ने पदोन्नति फाइलों को दी मंजूरी

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 07:34 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इन कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित पड़ी पदोन्नति (प्रमोशन) फाइलों को अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। पदोन्नति न मिलने के कारण तकनीकी कर्मचारियों में बढ़ रहे भारी असंतोष को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया और बिना देरी किए सभी लंबित फाइलों को मंजूर कर बोर्ड मुख्यालय को भेज दिया है। मुख्यमंत्री के इस त्वरित फैसले से बिजली बोर्ड के कर्मचारियों में खुशी की लहर है।

जानकारी के अनुसार बीते 27 मार्च को तकनीकी कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल अपने प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री से मिला था। यह अहम मुलाकात हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में हुई थी। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की लंबित और जायज मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को दो महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपे थे और अपनी समस्याएं विस्तार से उनके समक्ष रखी थीं।

संघ द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में मुख्य रूप से टी-मेट  से एएलएम, एएलएम से लाइनमैन, और हैल्पर से इलेक्ट्रीशियन/फोरमैन के पदों पर रुकी हुई पदोन्नतियों को जल्द से जल्द बहाल करने की पुरजोर मांग की गई थी। इसके अलावा, बैठक में उन 350 नॉन-आईटीआई (कर्मचारियों के लिए वन टाइम प्रमोशन की भी जोरदार मांग उठाई गई थी, जो अब अपनी सेवानिवृत्ति के बेहद करीब हैं और लंबे समय से प्रमोशन की राह देख रहे हैं।

मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत फाइलों को मंजूरी देने पर कर्मचारी वर्ग ने सरकार का आभार जताया है। सरकार के इस सकारात्मक और कर्मचारी हितैषी कदम पर तकनीकी कर्मचारी संघ के महासचिव पवन परमार ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए खुशी जाहिर की है। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश भर के तकनीकी कर्मचारियों के संघर्ष की एक बड़ी जीत करार दिया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News