तल्खी के बाद वीरभद्र-बाली में सुलह, पार्टी के भीतर विवाद जारी

punjabkesari.in Sunday, Sep 17, 2017 - 12:10 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और परिवहन मंत्री जी.एस. बाली के बीच बीते कुछ दिनों से चल रहा मनमुटाव फिलहाल दूर हो गया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के बीच शनिवार को प्रदेश सचिवालय में मुलाकात हुई। यह बातचीत राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हर्ष महाजन की मध्यस्थता के चलते हुई। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले परिवहन मंत्री की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताई थी, साथ ही उनकी तरफ से दिए जाने वाले बयानों को अनुशासनहीन बताया था। दोनों नेताओं के बीच चल रहे इस तनाव के बीच परिवहन मंत्री शनिवार को शिमला पहुंचे, जहां पर हर्ष महाजन ने मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात करवाई। 

सत्ता-संगठन तनाव के बीच दिल्ली जा सकते हैं मुख्यमंत्री 
उधर, कांग्रेस पार्टी के भीतर विवाद अभी भी जारी है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री सत्ता और संगठन के बीच चल रहे तनाव के बीच शीघ्र नई दिल्ली जा सकते हैं। इस दौरान वह ए.आई.सी.सी. उपाध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव सुशील कुमार शिंदे के अलावा अन्य नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि मुख्यमंत्री प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी रंजीत रंजन की ऊना में हुई मुलाकात के बाद दिल्ली जाने को तैयार हो गए हैं। मुख्यमंत्री भी इस समय कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं हैं। इसके चलते पार्टी के भीतर विवाद चल रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News